Next Story
Newszop

Success Story: कश्मीर के बारामूला से निकल ऑस्ट्रेलिया में जाकर मचा दी धूम, आज बिजनेस देख लोगों का चकरा जाएगा माथा

Send Push
नई दिल्‍ली: मनिंदरजीत 'मन्नू' काला ऑस्‍ट्रेलिया के दिग्‍गज उद्यमियों में शुमार हैं। उनकी जड़ें कश्‍मीर के बारामूला से जुड़ी हैं। मन्‍नू KnG ग्रुप के सह-संस्थापक हैं। ऑस्ट्रेलिया के टॉप उद्यमियों में उनकी गिनती होती है। उन्होंने दिखाया कि अगर आपके पास हौसला है तो आप कुछ भी कर सकते हैं। कश्‍मीर से निकलकर ऑस्‍ट्रेलिया के जाने-माने उद्यमियों में शामिल होने तक का उनका सफर आसान नहीं था। इसमें उन्‍हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। आइए, यहां उनकी सफलता के सफर के बारे में जानते हैं।
पिता बैंक कर्मचारी, मां टीचर image

मन्‍नू काला का बचपन सामान्य था। उनके परिवार में कोई भी व्यवसायी नहीं था। बारामूला में उनके पिता बैंक कर्मचारी और मां टीचर थीं। परिवार में सरकारी नौकरी को सबसे अच्छा माना जाता था। इसलिए, उनकी महत्वाकांक्षाएं थोड़ी मुश्किल लग रही थीं। मनिंदरजीत 'मन्‍नू' के माता-पिता ने उन्हें अच्छी जिंदगी देने के लिए बहुत मेहनत की। स्कूल से ही उनके मन में कुछ करने की इच्छा थी। वह अपने आसपास की समस्याओं को देखते थे। उनका समाधान खोजने की कोशिश करते थे। बारामूला के सेंट जोसेफ हायर सेकेंडरी स्कूल से शुरुआती शिक्षा पूरी करने के बाद काला ने ऑस्ट्रेलिया में आगे की पढ़ाई करने का फैसला किया। उन्होंने जर्नलिज्‍म में मास्टर डिग्री हासिल की। उन्हें पता था कि उन्‍हें नौकरी के बजाय कुछ अलग करना है। वह हमेशा बाजार में कुछ नया करने की सोचते थे।


कारोबार जगत में ऐसे हुई एंट्री image

मनिंदरजीत 'मन्‍नू' काला का सफर आसान नहीं था। 2011 में उन्होंने अपना पहला व्यवसाय डायनेमिक पैथोलॉजी शुरू किया। 2016 में उन्होंने मेडलैब पैथोलॉजी शुरू की। ऑस्ट्रेलिया के स्वास्थ्य क्षेत्र में काम करने से उन्हें व्यवसाय को आगे बढ़ाने, नियमों को समझने और बाजार में अपनी जगह बनाने में मदद मिली। 2020 में काला ने डॉ. अनुज गुप्ता के साथ मिलकर KnG ग्रुप की शुरुआत की। यह कंपनी कोरोना से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं को हल करने के लिए बनाई गई थी। बाद में यह कंपनी स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, प्रौद्योगिकी, साइबर सुरक्षा और होम केयर सेवाओं में भी काम करने लगी।


टॉप 100 उद्यमियों में 14वां स्थान image

मन्‍नू काला ने ऐसे समाधान बनाए जो सरकार और निजी कंपनियों को पसंद आए। उनकी कंपनी अलग-अलग क्षेत्रों में समस्याओं को हल करने में सक्षम थी। इसलिए, यह ऑस्ट्रेलिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली कंपनियों में से एक बन गई। 2023 में काला को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली। उन्हें ऑस्ट्रेलिया के टॉप 100 उद्यमियों में 14वां स्थान मिला। यह एक कश्मीरी लड़के के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि थी। अब काला कश्मीर में आर्थिक विकास को बढ़ावा देना चाहते हैं।


कश्‍मीर में बहुत संभावनाओं को देखते हैं image

मनिंदरजीत 'मन्नू' काला की कहानी प्रेरणादायक उदाहरण है कि कैसे एक व्यक्ति अपनी जड़ों से जुड़े रहकर भी वैश्विक सफलता प्राप्त कर सकता है। काला मानते हैं कि कश्मीर में बहुत कुछ करने की संभावना है। प्राकृतिक संसाधन हैं, युवा हैं और यह जगह रणनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण है। कश्मीर में पर्यटन की बहुत संभावना है। लेकिन, वह पर्यटन के अलावा स्वास्थ्य, कृषि और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में भी काम करना चाहते हैं। ये ऐसे क्षेत्र हैं जो साल भर चल सकते हैं।

Loving Newspoint? Download the app now