Next Story
Newszop

Singer Zubeen Garg Passed Away : सिंगर जुबिन गर्ग का निधन, सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान हादसे में गई जान, गैंगस्टर फिल्म में गाया था 'या अली' गाना

Send Push

नई दिल्ली। मशहूर सिंगर जुबिन गर्ग का 52 साल की उम्र में एक दुर्घटना के कारण निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान उनको चोट लग गई जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया मगर उनकी जान नहीं बच सकी। अभिनेता इमरान हाशमी की फिल्म गैंगस्टर में ‘या अली, रहम अली’ गाना जुबिन गर्ग ने ही गाया था। इसके अलावा भी उन्होंने बॉलीवुड के कई हिट गाने गाए। जुबिन असम के लेजेंडरी गायक थे। जुबिन के अचानक दुनिया छोड़कर जाने से न सिर्फ उनके फैंस बल्कि पूरा बॉलीवुड शोक में है।

जुबिन गर्ग सिंगापुर में नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में भाग लेने गए थे, उनको वहां परफॉर्म करना था मगर उससे पहले ही यह दुर्घटना हो गई। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने जुबिन के निधन पर शोक जताया है। सीएम ने कहा, आज असम ने अपने सबसे प्रिय सपूतों में से एक को खो दिया। जुबिन असम के लिए क्या मायने रखते थे, यह बताने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। वह बहुत जल्दी चले गए, यह जाने की उम्र नहीं थी। जुबीन की आवाज में लोगों को ऊर्जा देने की बेजोड़ क्षमता थी और उनका संगीत सीधे हमारे मन और आत्मा से जुड़ता था। उन्होंने एक ऐसा शून्य छोड़ा है जो कभी नहीं भरेगा।

सीएम ने कहा, हमारी आने वाली पीढ़ियां उन्हें असम की संस्कृति के एक पुरोधा के रूप में याद रखेंगी और उनकी यादें आने वाले कई वर्षों तक प्रतिभाशाली कलाकारों को प्रेरित करेंगी। उनके संगीत के अलावा, लोगों के साथ उनका जुड़ाव और जरूरतमंद लोगों की मदद करने का उनका जुनून हमेशा याद रखा जाएगा। मैं उनके साथ अपनी सभी बातचीत और मुलाकातों की यादों को हमेशा संजो कर रखूंगा। वह जादुई आवाज हमेशा के लिए खामोश हो गई है। यह शब्दों से परे बहुत ही दुखद है। जुबिन, आप हमेशा असम के पसंदीदा रॉकस्टार रहेंगे।

 

The post Singer Zubeen Garg Passed Away : सिंगर जुबिन गर्ग का निधन, सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान हादसे में गई जान, गैंगस्टर फिल्म में गाया था ‘या अली’ गाना appeared first on News Room Post.

Loving Newspoint? Download the app now